home page

ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति और मासूम बेटी की मौत

 | 
ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति और मासूम बेटी की मौत


फिरोजाबाद, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत बृहस्पतिवार देर रात हुए सड़क हादसे में घायल युवक ने शुक्रवार को अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में अब मृतकों की संख्या तीन हो गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है।

थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला पटिया पाढम निवासी अजय कुमार अपनी पत्नी ओम श्री और करीब 3 माह की बेटी तृषा के साथ बृहस्पतिवार देर रात शादी समारोह में शामिल होने बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे थे। मोटरसाइकिल सवार लोग जैसे ही गांव सुरौला के पास पहुंचे कि तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही महिला और मासूम बच्ची ने दम तोड़ दिया। जबकि चिकित्सक ने अजय कुमार को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। घायल अजय कुमार ने उपचार के दौरान शुक्रवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर थाना जसराना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है। एक ही झटके में पूरा परिवार उजड़ जाने से गांव में मातम पसरा हुआ है। इस सम्बन्ध में सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडेय का कहना है कि हादसे में घायल बच्ची और महिला की मौत हो गई थी जबकि घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। इसमें मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़