प्रतापगढ़ में पिकअप और वैगनआर की टक्कर में भाई-बहन की मौत, मंगेतर घायल
प्रतापगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बुधवार रात लगभग 12:20 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में सगे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि युवती का मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ, जब तेज रफ्तार वैगनआर पिकअप में पीछे से जा घुसी। कार भाई चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप डिवाइडर पर चढ़कर वैगनआर के ऊपर पलट गई। इससे कार में सवार तीनों लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने करीब डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जेसीबी से पिकअप हटाने के बाद कटर मशीन से कार काटकर तीनों को बाहर निकाला गया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भाई-बहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है।
यह हादसा लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रानीगंज थाना क्षेत्र के ट्रामा सेंटर के पास हुआ । भाई-बहन अपने बड़े भाई की ससुराल गोंडा से जौनपुर लौट रहे थे। जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर निवासी मनीष सोनी अपनी पत्नी दीपा और बच्चों के साथ कार से गोंडा जिले के मनकापुर स्थित ससुराल गए थे। उनके पीछे दूसरी वैगनआर में मनीष का छोटा भाई मोहित सोनी, उसकी मंगेतर रोली सोनी (26) और रोली का भाई आकाश सोनी उर्फ मोनू (23) सवार थे।परिवार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दो कारों से गोंडा गया था। बुधवार रात करीब 10 बजे सभी लोग जौनपुर लौट रहे थे। मनीष की कार आगे चल रही थी, जबकि मोहित की कार पीछे थी।
रात करीब 12:20 बजे रानीगंज तहसील बाजार स्थित ट्रामा सेंटर के पास सड़क किनारे प्लाईवुड से लदी एक पिकअप खड़ी थी। तेज रफ्तार वैगनआर पीछे से पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पिकअप के अंदर धंस गया और पिकअप का पिछला हिस्सा कार के ऊपर पलट गया।
पुलिस की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कटर मशीन और हथौड़े से काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
पहले जेसीबी से पिकअप हटाई गई, फिर कटर मशीन से कार काटकर तीनों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोली और मोनू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित का इलाज जारी है। रानीगंज थाना प्रभारी विजयकांत सत्यार्थी ने बताया हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे खड़ी प्लाईवुड लदी पिकअप से पीछे से कार टकराने के कारण हादसा हुआ।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

