लखीमपुर खीरी में दो सड़क हादसाें में एक छात्र समेत दाे लाेगाें की मौत, 16 घायल
लखीमपुर खीरी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के थाना पढुवा क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुई। जिसमें एक हादसे में छात्र की मौत व दूसरे हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। घटना में 16 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सूचना पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ ख्याति गर्ग, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता जिला चिकित्सालय ओयल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से वार्ता कर उपचार की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
पहली दुर्घटना तहसील धौरहरा अंतर्गत ग्राम रमियाबेहड़ के समीप उस समय हुई जब थाना शारदा नगर क्षेत्र के ग्राम चमेली एवं आसपास के गांवों के छात्र बोर्ड परीक्षा देने हेतु वैन से रमियाबेहड़ स्थित गायत्री देवी इंटर कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान वैन की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। दुर्घटना में बेलपुरवा (तहसील सदर) निवासी 17 वर्षीय छात्र चंचल पुत्र विवान की मृत्यु हो गई, जबकि चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायलों सहित छात्रों एवं वैन चालक को प्राथमिक उपचार उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमियाबेहड़ से जिला अस्पताल रेफर किया गया। दूसरी दुर्घटना तहसील निघासन के ग्राम प्रसादीपूर्वा में हुई, जहां दो बसों की आमने -सामने टक्कर में छह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी रमियाबेहड़ से जिला अस्पताल ओयल भेजा गया।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ ख्याति गर्ग के पूछने पर सीएमएस डॉ आरके कोली ने अवगत कराया कि दोनों सड़क हादसों में 16 घायल एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचे, हादसे में एक वाहन चालक की रास्ते में ही मृत्यु हो गई। जिला अस्पताल में भर्ती 15 घायलों में से 12 का इलाज विशेषज्ञों चिकित्सकों की टीम द्वारा जारी है। तीन गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। इन्हें एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस की मदद से लखनऊ भेजा गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी देखरेख कर रहे हैं।
जिलाधिकार दुर्गा शक्ति नागपाल ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को भी पूरी मदद दी जा रही है। सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी धौरहरा शशिकांत मणि, एसडीएम निघासन राजीव निगम मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी करते हुए घायलों को शीघ्र चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई। प्रशासन द्वारा दोनों दुर्घटनाओं के संबंध में आवश्यक विधिक एवं अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

