शाहजहांपुर में नवीन मंडी तिलहर में 9 हजार रुपये रिश्वत लेते क्षेत्रीय विपणन अधिकारी गिरफ्तार
बरेली, 22 अप्रैल (हि.स.) । भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) उत्तर प्रदेश की बरेली टीम ने बुधवार काे बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहजहांपुर के नवीन मंडी तिलहर में तैनात क्षेत्रीय विपणन अधिकारी मुनीन्द्र नाथ पटेल को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
बुधवार को हुई इस कार्रवाई से पहले शिकायतकर्ता सौरभ सिंह निवासी ग्राम चाहरपुर, थाना मदनापुर ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि मंडी में गेहूं क्रय के दौरान प्रति क्विंटल 100 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। आरोप था कि यह रकम क्षेत्रीय विपणन अधिकारी मुनीन्द्र नाथ पटेल द्वारा मांगी जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संगठन की टीम ने जाल बिछाया।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में गठित ट्रैप टीम ने आरोपित को बुधवार दोपहर करीब 12:58 बजे नवीन मंडी तिलहर परिसर से 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपित को अपने साथ ले गई और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई। आारोपित मूल रूप से प्रतापगढ़ जनपद का निवासी है और वर्तमान में शाहजहांपुर के जलालाबाद रोड स्थित एक मकान में रह रहा था। उसकी तैनाती नवीन मंडी तिलहर में क्षेत्रीय विपणन अधिकारी के पद पर थी।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तथ्यों की पुष्टि कर ट्रैप की कार्रवाई की गई। आरोपी को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ थाना कटरा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में संगठन की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

