home page

रेलवे से रिटायर्ड अधिकारी को तीन सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट कर साइबर अपराधियों ने 18 लाख रुपये ठगे

 | 
रेलवे से रिटायर्ड अधिकारी को तीन सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट कर साइबर अपराधियों ने 18 लाख रुपये ठगे


नोएडा, 12 अप्रैल (हि.स.)। नाेएडा में साइबर अपराधियाें ने रेलवे से रिटायर्ड अधिकारी को अपने जाल में फंसाकर मनी लांड्री का भय दिखाकर उन्हें तीन सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट करके उनसे 18 लाख रुपये की ठगी कर ली है।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि रविवार को थाना साइबर क्राइम में तिरुमले नाम्बी निवासी ग्रेटर नोएडा वेस्ट ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी उम्र 69 वर्ष है। वह रेलवे से रिटायर्ड अधिकारी हैं। 12 मार्च को उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात साइबर अपराधियों का फोन आया। उन्होंने कहा कि वह मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी हैं और आपके आधार कार्ड का प्रयोग करके केनरा बैंक में खाता खुलवाया गया है, जिसका एटीएम कार्ड मनी लांड्रिंग के केस में पकड़े गए एयरलाइन संचालक नरेश गोयल के घर में मिला है। आराेप है कि आपके खाते में मनी लांड्री से संबंधित धनी राशि आई है। इसमें आपका नाम आया है, इसलिए आपसे पूछताछ की जाएगी।

इस बात से बुजुर्ग व्यक्ति भयभीत हो गए। उन्होंने उनके बताए अनुसार कार्य करना शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार तीन सप्ताह तक आरोपिताें ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट करके रखा। उन्हें भयभीत एवं मानसिक दबाव में रखकर उनसे उनके विभिन्न बैंकों में रखे हुए 18 लाख रुपया अपने बताए हुए खाते में ट्रांसफर करवा लिए। आरोपिताें ने कहा कि यह रकम जांच के बाद आपको वापस कर दी जाएगी। पीड़ित के अनुसार, जब काफी दिन बीत जाने के बाद भी आरोपिताें ने उनकी रकम वापस नहीं की तो उन्हें शक हुआ तथा उन्होंने रविवार को थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज करवाया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है जिनमें बुजुर्ग व्यक्ति ने पैसे ट्रांसफर किए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी