लखनऊ : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार
लखनऊ, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नाका हिण्डोला थाना पुलिस ने युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में एक आरोपित को मंगलवार गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
नाका थाना के उपनिरीक्षक रवीश भाटी ने मंगलवार को बताया कि एक युवती ने 20 मई को थाना में आकर तहरीर दी। उसने बताया कि अहमदाबाद का रहने वाला एजाज मिर्जा से उसकी मुलाकात हुई थी। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से मुकर रहा है। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। आज सूचना मिली कि आरोपित एजाज चारबाग में मौजूद है। इस जानकारी पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। कानूनी प्रक्रिया करने के बाद गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

