home page

साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, पुलिस ने 19,500 रुपये कराए वापस

 | 
साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, पुलिस ने 19,500 रुपये कराए वापस


मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। अहरौरा थाना की साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति को बड़ी राहत दिलाते हुए उसके खाते से निकाली गई धनराशि में से 19,500 रुपये वापस करा दिए। खाते में रकम लौटने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, अहरौरा थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी विधानंद पुत्र दशरथ ने 25 मई को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खाते से ऑनलाइन माध्यम से 37,500 रुपये की अवैध निकासी हो गई है। लेन-देन की जानकारी न होने पर मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कराई गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) के नेतृत्व में अहरौरा साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से ठगी गई राशि में से 19,500 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।

राशि वापस मिलने पर विधानंद ने शनिवार को थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का धन्यवाद दिया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने की अपील की।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय मिश्र, मुख्य आरक्षी नरेंद्र सिंह, महिला आरक्षी महिमा उपाध्याय और आरक्षी अंकित अवस्थी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा