home page

हमीरपुर : मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में आरोपिताें के घरों पर चला बुलडोजर,पीड़ित परिवार से मिले डीआईजी

 | 
हमीरपुर : मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में आरोपिताें के घरों पर चला बुलडोजर,पीड़ित परिवार से मिले डीआईजी


हमीरपुर : मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में आरोपिताें के घरों पर चला बुलडोजर,पीड़ित परिवार से मिले डीआईजी


-बच्ची के शव का भारी पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

-डीआईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

हमीरपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। डीआईजी ने घटनास्थल से लेकर आरोपितों के घरों तक निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार से मिले और न्याय का आश्वासन दिया। पुलिस ने आरोपित के घर पर पुलिस ने बुलडोजर भी चलवाया।

सोमवार को डीआईजी चित्रकूटधाम मंडल राजेश एस ने मुस्करा पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल से लेकर आरोपित पक्ष के मकान तक पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने ग्रामीणों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की। डीआईजी ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दो माह के भीतर विवेचना पूरी कराने और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी का भरोसा दिया।

इधर, बच्ची के शव का सोमवार को चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। शुरुआती पोस्टमार्टम निष्कर्ष में गला कसने से मौत की पुष्टि की जानकारी सामने आई है, जबकि यौन उत्पीड़न की पुष्टि के लिए नमूने जांच हेतु भेजे गए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच बच्ची का अंतिम संस्कार कराया गया। इसके बाद प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर आरोपित पक्ष के मकान पर पहुंची और मकान का अगला हिस्सा ध्वस्त कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

इस मामले में मुख्य आरोपित का रिश्तेदार गोविंद भी नामजद है और वह परिवार सहित फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मासूम की मौत से उपजे जनाक्रोश, पुलिस मुठभेड़, डीआईजी के सीधे हस्तक्षेप और बुलडोजर कार्रवाई के बाद मुस्करा की यह घटना पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है। अब सबकी निगाहें वैज्ञानिक जांच, पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और पुलिस विवेचना पर टिकी हैं, ताकि घटना के सभी पहलुओं का खुलासा हो और न्यायिक प्रक्रिया के तहत दोषियों को सजा मिल सके। डीआईजी राजेश एस ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। इस वारदात में शामिल सभी नामजद आरोपिताें के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा