home page

एसटीएफ को बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी बदमाश अब्दुल वाहिद गिरफ्तार

 | 
एसटीएफ को बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी बदमाश अब्दुल वाहिद गिरफ्तार


प्रयागराज, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की फील्ड इकाई प्रयागराज ने बुधवार को आजमगढ़ पुलिस के सहयोग से 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया। यह जानकारी एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के मुस्लिम पट्टी क्षेत्र का निवासी अब्दुल वाहिद पुत्र शेर अली है। गिरफ्तार आरोपित पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है और उसकी गिरफ्तारी के लिए शासन ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

टीम ने उसे आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे पर बिशन बाजार कट के पास थाना गंभीरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से इनामी अपराधियों के संबंध में लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इसी क्रम में एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज की टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह वर्ष 2024 में अपने साथियों के साथ मिलकर कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। इन मामलों में थाना निजामाबाद में विभिन्न अभियोग दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। वर्ष 2026 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

एसटीएफ पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को संबंधित थाना गंभीरपुर में दाखिल कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल