(अपडेट) पुलिस की गौकशों से मुठभेड़, नौ आरोपित गिरफ्तार, एक गोली लगने से घायल
प्रयागराज, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी में गौकशी की सूचना पर पुलिस और एसओजी ने यमुनानगर की संयुक्त टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए नौ
आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के कार्यवाही में एक आरोपित को गोली लगने से घायल हो गया। मौके से तीन अन्य आरोपित भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि 25 जुलाई शनिवार को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से गौकशी से संबंधित आरोपितों के काशीराम कॉलोनी के घने जंगल में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर नैनी पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देख आरोपितों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपित मो. आमिर के बाएं पैर में गोली जा लगी। उसके कब्जे से 12 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
इसके बाद पुलिस ने काशीराम कॉलोनी के खंडहरनुमा कमरे में घेराबंदी कर फैजल, आकाश, विकास, बल्लू, राविन्द कुमार, असरफ, आंशू और सुफियान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार कमरे से 355 किलो गोवंश का मांस और गौकशी में इस्तेमाल उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले में तीन अन्य आरोपित मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में मु0अ0सं0 352/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस, 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम और 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

