प्राइवेट क्लीनिक में वीगो लगाने के मांगे ज्यादा पैसे तो हुआ विवाद, जमकर चले लाठी-डंडे
बहराइच, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच के कोतवाली देहात क्षेत्र में मंगलवार काे दोनक्का तिराहे पर स्थित शिफा क्लीनिक में चन्द रुपये के लेनदेन को लेकर जमकर बवाल हुआ। दबंगों ने जमकर लाठी डंडे चलाये। अस्पताल परिसर के बाहर हुई इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
विकास नामक एक व्यक्ति अपने बीमार बच्चे का उपचार कराने के लिए अस्पताल आया था। उपचार के दौरान जब मेडिकल स्टॉफ बच्चे को विगो लगा रहा था, तभी फीस के पैसों को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। बच्चे के पिता विकास के पास उस वक्त तय रकम से महज 50 रुपये कम पड़ गए थे। इसी बात पर मेडिकल स्टॉफ और तीमारदार के बीच तनातनी बढ़ गई।
आरोप है कि मेडिकल स्टाफ ने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। कर्मियों द्वारा की गई बदसलूकी से नाराज युवक ने तुरंत अपने गांव फोन किया और वहां से अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में लाठी-डंडों से लैश होकर पहुंचे गांव के युवकों ने क्लीनिक पर धावा बोल दिया। इसके बाद तीमारदार के साथियों ने मेडिकल स्टाफ को जमकर पीटा। अस्पताल के भीतर और बाहर लाठियां चटकाए जाने से वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और पहले से एडमिट मरीज अपनी जान बचाकर भागने लगे।
अस्पताल में बवाल और मारपीट की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से ही उपद्रव करने और कानून-व्यवस्था हाथ में लेने के आरोप में दोनों पक्षों के 9 लोगों को हिरासत में लिया। देहात कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों पक्षों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीसीटीवी के जरिए अन्य आरोपिताें की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल अस्पताल और आस-पास के इलाके में शांति व्यवस्था कायम है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

