प्रेतात्मा निकालने के नाम पर लाखों के जेवर ठगे, पांच दिन बाद खुला राज
मीरजापुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। प्रेतात्मा निकालने का झांसा देकर चार जोगियों ने महिला से 15 हजार रुपये नकद और लाखों के जेवरात ठग लिए। आरोपितों ने रुपये और गहने लाल कपड़े में बांधकर पूजा-पाठ के बाद कमरे में रखवाए और पांच दिन तक नहीं खोलने को कहा। तय समय पर महिला ने कमरा खोला तो उसमें केवल लाल कपड़ा और माला-फूल मिले। पीड़िता ने शनिवार को चील्ह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मामला चील्ह थाना क्षेत्र के चंदेल डड़िया गांव का है। गांव निवासी लक्ष्मीना देवी पत्नी रमेश कुमार बिंद के अनुसार, एक सप्ताह पहले सुबह करीब सात बजे चार जोगी सारंगी बजाते हुए उसके घर पहुंचे। इनमें एक व्यक्ति कई महीने से गांव और आसपास आता-जाता था। वह खुद को बल्ली परवा गांव निवासी मुख्खु बिंद बताता था, इसलिए महिला उसे पहचानती थी।
आरोप है कि जोगी ने घर में रखे रुपये और जेवरात में प्रेतात्मा होने की बात कहकर उन्हें निकालने का भरोसा दिया। उसके झांसे में आकर महिला ने नकदी और गहने सौंप दिए। पूजा के बाद चारों रात में घर पर रुके और सुबह चले गए। पांच दिन बाद सामान गायब मिलने पर महिला ने उनकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला।
थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

