चार साल से फरार 25-25 हजार के दो इनामी भाई गिरफ्तार
हंडिया पुलिस और गंगानगर सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, चाकू से सीने पर वार कर हत्या के बाद खेत में फेंका था शव
प्रयागराज, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित हंडिया में जमीन दूसरे व्यक्ति को बेचने की रंजिश में युवक की हत्या कर शव खेत में फेंकने के मामले में पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। हंडिया पुलिस और गंगानगर सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मंगलवार दोनों को हंडिया क्षेत्र के नटवा पार तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने जमीन बेचने की रंजिश में अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस उपायुक्त नगर सोनम कुमार ने बताया कि पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। हंडिया थाने में वर्ष 2022 में दर्ज हत्या के मुकदमे में दोनों आरोपी वांछित थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हंडिया थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी देवी प्रसाद ने अपने भाई रामप्रसाद गिरी उर्फ पछाड़ी की हत्या कर शव फेंकने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में गांव के ही निवासी अंकित गिरी उर्फ सन्नी गिरी और उसके भाई सुशील गिरी उर्फ बल्ले गिरी का नाम सामने आया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मृतक के पड़ोसी थे। रामप्रसाद ने अपनी जमीन उन्हें बेचने के बजाय किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी थी। इसी बात को लेकर उनके मन में रंजिश थी। आरोप है कि 22 अप्रैल 2022 को दोनों भाइयों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामप्रसाद के सीने पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव खेत में फेंककर मुंबई फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित गिरी उर्फ सन्नी गिरी और सुशील गिरी उर्फ बल्ले गिरी, निवासी धौरहरा, थाना हंडिया के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा दोनों के विरुद्ध वर्ष 2025 में न्यायालय की कार्रवाई से बचने से संबंधित धारा 174ए के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है। दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में हंडिया थाना प्रभारी ओमप्रकाश, सर्विलांस सेल प्रभारी सुखचैन तिवारी, उपनिरीक्षक रामानुज सिंह, ज्ञानेंद्र कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

