home page

शराब तस्करी मामले में फरार 50 हजार का इनामी हरियाणा से गिरफ्तार

 | 
शराब तस्करी मामले में फरार 50 हजार का इनामी हरियाणा से गिरफ्तार


- एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने सोनीपत से दबोचा

प्रयागराज, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने शनिवार को सोनीपत हरियाणा से शराब तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित प्रयागराज के नवाबगंज थाना में दर्ज मुकदमे में काफी दिनों से फरार था।

एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित पंजाब के जिला एसएएस नगर मोहाली में स्थित डंकोली, थाना क्षेत्र के ममता एन्क्लेव, जिसकापुर मोहल्ला निवासी अजय जैन है। उसके खिलाफ प्रयागराज के नवाबगंज थाना में वर्ष 2023 को शराब की अवैध तस्करी का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद से इसकी तलाश जारी थी। इतना ही नहीं इस पर पचास हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।

चंडीगढ़ से शराब लाकर कई राज्यों में करता था तस्करी

पूछताछ में अजय जैन ने बताया कि वह अपने साथी एवं गिरोह के सरगना नवदीप सिंह उर्फ नवी ग्रेवाल उर्फ लक्की सिंह और अन्य साथियों के साथ मिलकर कई राज्यों में शराब की तस्करी करता था। गिरोह चंडीगढ़ और पंजाब से अवैध शराब ट्रकों में लादकर उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तराखंड और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों में भेजता था। पुलिस से बचने के लिए शराब को ट्रकों में अंडे, मुर्गी का दाना, प्लास्टिक स्क्रैप, पाश्ता और आलू आदि सामान के बीच छिपाकर ले जाया जाता था।

एसटीएफ के मुताबिक, वर्ष 2023 में अजय जैन अपने साथियों के साथ भारी मात्रा में अवैध शराब को ट्रक में लादकर उत्तर प्रदेश के रास्ते बिहार और झारखंड भेज रहा था। इस दौरान एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने प्रयागराज में ट्रक को पकड़ लिया था। इस मामले में नवाबगंज थाने में मुकदमा संख्या 393/2023 दर्ज किया गया था। इसके बाद अजय जैन फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

सोनीपत में छिपे होने की मिली सूचना

एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई को वांछित आरोपितों की तलाश के दौरान सूचना मिली कि अजय जैन सोनीपत, हरियाणा में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए एनएच-44, चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-वन, थाना एचएसआईआईडीसी, बड़ी गन्नौर, जिला सोनीपतसे उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से एक देशी तमंचा और 2,060 रुपये नकद बरामद किए गया।

प्रयागराज के मुकदमे में भेजा गया जेल

अजय जैन के खिलाफ प्रयागराज के नवाबगंज थाने में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अलावा सोनीपत के बड़ी गन्नौर थाने में भी उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।

एसटीएफ ने आरोपित को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए थाना नवाबगंज, प्रयागराज में दाखिल कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल