home page

प्रयागराज : टोंस नदी में मिला एमपी के युवक का शव

 | 
प्रयागराज : टोंस नदी में मिला एमपी के युवक का शव


प्रयागराज, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मेजा थाना क्षेत्र के टोंस नदी के पुल के नीचे रविवार सुबह एक युवक का शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सहायक पुलिस आयुक्त मेजा संत प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि मृतक की पहचान रजनीश सोनी (32) पुत्र

मुन्नालाल सोनी निवासी कलवारी गांव, थाना सोहागी , रीवा मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। वह इन दिनों अपने ससुर बनवारी लाल पुत्र सरजू प्रसाद के घर कोहड़ार गांव में रह रहा था। बताया गया कि रजनीश सोनी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था और करीब 12 दिन पहले उपचार के लिए ससुराल आया था।

परिजनों के मुताबिक शनिवार रात करीब एक बजे वह शौच के लिए घर से बाहर निकला था। इसके बाद परिवार के लोग सो गए। रविवार सुबह करीब चार बजे जब परिजनों की नींद खुली तो वह अपने बिस्तर पर नहीं मिला। आसपास काफी तलाश करने के बाद उसकी लाश कोहड़ार स्थित टोंस नदी के पुल के नीचे पाई गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संबंध में एसीपी मेजा ने बताया कि युवक का शव पुल के नीचे मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल