घर के अंदर महिला की हत्या, पति हिरासत में
प्रयागराज, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित पूरा मुफ्ती थाना क्षेत्र स्थित मंदरी गांव में गुरुवार की देर रात घर के अंदर महिला की हत्या कर दी गई। शुक्रवार काे सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मन्दरी गांव निवासी विजमा (28) पत्नी सुमन सिंह की गुरूवार देर रात सिर में गम्भीर रूप से चोट लगने से मौत हो गई। इस संबंध में डायल 112 के माध्यम से शुक्रवार को दो बजे पुलिस को सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान विजमा को उसके पति ने सिर में किसी वजनदार वस्तू से प्रहार करके मौत के घाट उतार दिया। इस संबंध में पुलिस टीम ने मायके वालों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

