home page

घर के अंदर धारदार हथियार से विधवा की हत्या, देवर पर शक

 | 
घर के अंदर धारदार हथियार से विधवा की हत्या, देवर पर शक


बच्चों की नींद खुलने पर खून से लथपथ मिला मां का शव, वारदात के बाद से संदिग्ध देवर फरार

प्रयागराज, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के भैसहाई गांव में बुधवार को एक विधवा महिला की घर के अंदर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। महिला का शव कमरे में खून से लथपथ मिला। सुबह बच्चों की नींद खुलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस संदिग्ध देवर की तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि भैसहाई गांव निवासी गेंदकली (42) पत्नी स्वर्गीय अनिल कुमार का शव बुधवार सुबह घर के अंदर कमरे में मिला। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। संदिग्ध की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

परिजनों के मुताबिक, गेंदकली के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। करीब दो वर्ष पहले कैंसर से उसके पति अनिल कुमार की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अपने बच्चों के साथ अलग रह रही थी। बुधवार सुबह बेटी रागिनी की नींद खुली तो उसने मां को कमरे में खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद परिवार के अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी गई।

परिजनों ने बताया कि हत्या के बाद से गेंदकली का देवर सुनील घर से फरार है। परिवार को आशंका है कि उसने ही वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल