दाेपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, तीन नाबालिग समेत पांच गिरफ्तार
प्रयागराज, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित हंडिया थाने की पुलिस टीम दाेपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए मंगलवार को तीन नाबालिग समेत पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने गिरोह के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद किया है। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में तीन नाबालिग बच्चे हैं और गिरोह में सक्रिय सदस्य प्रयागराज के उतरांव थाना क्षेत्र के बेलहरा गांव निवासी शैलेन्द्र पटेल पुत्र उदयराज और नवाबगंज थाना क्षेत्र के मंसूराबाद सिंधापुर गांव निवासी तीरथ सरोज पुत्र धनेश सरोज को गिरफ्तार किया गया है।
डीसीपी गंगानगर ने बताया कि सोमवार रात सैदाबाद तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सैदाबाद पावरहाउस नहर पुलिया के पास कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिल के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शैलेन्द्र पटेल को गिरफ्तार किया और दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया। इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो थाना हण्डिया में दर्ज मुकदमे से संबंधित थी।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने भेस्की पुलिया के पास से दूसरे अभियुक्त तीरथ सरोज को गिरफ्तार किया तथा एक अन्य बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया। इनके कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिल बरामद की गईं। इस प्रकार कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर आसपास के थाना क्षेत्रों में दिन में घूमकर मौका पाकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे और उन्हें अलग-अलग जगह छिपाकर रखते थे। बाद में उचित दाम मिलने पर चोरी की मोटरसाइकिल बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे और उसी से अपने शौक पूरे करते थे।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना हण्डिया पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 134/2026 धारा 303(2) भा.न्या.सं. में अन्य धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी मोटरसाइकिल चोरी के मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

