तीन गौवंश के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षक सचल दस्ते की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
प्रयागराज, 31 मई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षक सचल दस्ते की सूचना पर उतर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित शिवकुटी थाना क्षेत्र में कथित रूप से गोवध के लिए ले जाए जा रहे तीन गोवंशों को पुलिस ने रविवार को बरामद किया है। मामले में एक आरोपित को मौके से पकड़ा गया, जबकि बाद में पुलिस ने एक अन्य आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपित की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि थाने में दी गई तहरीर के बाद इस संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विश्व हिंदू परिषद, गौरक्षा विभाग के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी ने बताया कि संगठन को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि करेली क्षेत्र में डेयरी संचालन से जुड़े कुछ लोग दूध देना बंद कर चुकी और बूढ़ी हो चुकी गायों को गोवध के लिए अन्य स्थानों पर भेज रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर रविवार को फाफामऊ पुल के निकट टीबी अस्पताल के पास गौरक्षक सचल दस्ते ने घेराबंदी की।
लाल मणि तिवारी के अनुसार, जांच के दौरान टाटा मैजिक वाहन संख्या यूपी-70 सीटी-3543 को रोका गया, जिसमें दो बूढ़ी गाय और एक बैल लदा हुआ था। वाहन रुकते ही उसमें सवार दो व्यक्ति मौके से भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम ओंकार निषाद निवासी जीटीबी नगर, करेली बताया। पूछताछ में उसने कथित रूप से वाहन में मौजूद अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने तत्काल शिवकुटी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन, उसमें लदे तीनों गोवंश तथा पकड़े गए आरोपित को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में पुलिस ने एक अन्य आरोपित बूल्लू खान को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके भाई की तलाश की जा रही है।
लाल मणि तिवारी ने कहा कि गोवंश की तस्करी और गोवध जैसी गतिविधियों के विरुद्ध विश्व हिंदू परिषद का गौरक्षक सचल दस्ता लगातार सक्रिय है और भविष्य में भी ऐसे मामलों की जानकारी प्रशासन को देकर कार्रवाई कराई जाएगी।
इस मामले में विजय पांडेय की तहरीर पर थाना शिवकुटी में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान गौरक्षक सचल दस्ते में लवलेश बजरंगी, दीपचंद, अभिषेक, विशाल सोनी, शुभम मिश्रा, टीटू विश्वकर्मा, आशीष यादव, गोविंद कुमार और मुकेश बजरंगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि इस संबंध में दी गई सूचना के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

