हत्या मामले के आरोपित दो भाई गिरफ्तार, कुल्हाड़ी बरामद
शंकरगढ़ के गढ़वा किला में पुरानी रंजिश को लेकर हुई थी मारपीट, पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने कहा—आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी
प्रयागराज, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित शंकरगढ़ थाने की पुलिस टीम हत्या मामले में फरार आरोपित दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की है। यह जानकारी गुरुवार को पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक महिला आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को चक अराजी गढ़वा किला निवासी फूलकुमार ने शंकरगढ़ थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसके भाई हीरालाल (40) की विपक्षियों ने कहासुनी के दौरान कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई थीं।
इसी क्रम में पुलिस ने गुरुवार को ग्राम शिवराजपुर पावर के पास से गढ़वा किला निवासी मनोज कुमार और पप्पू को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार दोनों आरोपित सगे भाई हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन पुरानी रंजिश को लेकर हीरालाल से कहासुनी हुई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने बताया कि हीरालाल के उनकी बहन रेखा को गाली देने पर वे भी मारपीट में शामिल हो गए। हीरालाल वहां से भागने लगा तो मनोज ने कुल्हाड़ी से उसके हाथ पर वार किया। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपित और परिवार के अन्य सदस्य मौके से भाग गए।
इस मामले में पुलिस ने इससे पहले रेखा पत्नी रामकेश को एक सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। अब दो अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रीतम कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव, उपनिरीक्षक अनिल कुमार मिश्र समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

