home page

प्रयागराज के नैनी में 36.20 लाख की स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार

 | 
प्रयागराज के नैनी में 36.20 लाख की स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार


- नारकोटिक्स टास्क फोर्स और नैनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 181 ग्राम स्मैक व 1220 रुपये बरामद

प्रयागराज, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी थाना की पुलिस टीम और नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने गिरफ्तार युवकों के कब्जे से 181 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख 20 हजार रुपये है। आरोपितों के पास से 1220 रुपये नकद भी मिले हैं।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि नैनी कोतवाली थाना क्षेत्र के एडीए काॅलोनी शाहजी का पूरा निवासी महेश भारतीया और रोमिल भारतीया को पुलिस टीम ने नैनी थाना क्षेत्र के चक भटाही स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि चक भटाही निवासी कमलेश भारतीया उर्फ बड़कऊ और आकाश भारतीया उर्फ छोटकऊ उन्हें प्रतिदिन स्मैक उपलब्ध कराते थे। इसके बाद वे आने-जाने वाले लोगों को स्मैक बेचते थे। इसके बदले उन्हें दो-दो हजार रुपये प्रतिदिन दिए जाते थे। आरोपितों ने बरामद 1220 रुपये को भी स्मैक की बिक्री से प्राप्त रकम बताया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महेश भारतीया का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 में नैनी थाने में मारपीट और घर में घुसने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी वर्ष विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया। वर्ष 2022 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है।

पुलिस ने इस मामले में नैनी थाने में एनडीपीएस एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में जिन दो अन्य व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका के संबंध में पुलिस की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने कहा कि, नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नारकोटिक्स टास्क फोर्स और नैनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर 181 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल