home page

प्रयागराज : भाई की मौत का बदला लेने के लिए की थी विजय लाल की हत्या, तीन आराेपित गिरफ्तार

 | 
प्रयागराज : भाई की मौत का बदला लेने के लिए की थी विजय लाल की हत्या, तीन आराेपित गिरफ्तार


प्रयागराज, 24 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मऊआइमा थाने की पुलिस टीम ने लोकापुर गांव में 20 नम्बर को हुई विजय लाल पटेल उर्फ मिंटू की हत्या का खुलासा करते हुए मंगलवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

यह जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में इसी थाना क्षेत्र के लोकापुर गांव निवासी अनिल कुमार पटेल उर्फ बरसाती के भाई की अप्रैल में ट्रेन से कटकर हुई मौत का बदला लेने के लिए अनिल पटेल ने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में मऊआइमा पुलिस और गंगानगर सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो कारतूस और वारदात में इस्तेमाल चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

उल्लेखनीय है कि 20 नवंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे लोकापुर गांव में गोली लगने से विजय लाल पटेल की मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों की तहरीर पर मऊआइमा थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने 23 नवंबर को सकरामऊ-हरिसेनगंज पुलिया के पास से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें लोकापुर निवासी अनिल कुमार पटेल उर्फ बरसाती, सोरांव के अचकवापुर निवासी कृष्ण कुमार पटेल उर्फ केके और सोरांव के तख्खू का पूरा ददौली निवासी बृजलाल पटेल उर्फ खूंटी शामिल हैं।

भाई की मौत के बाद बढ़ गई थी रंजिश

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अनिल पटेल ने बताया कि उसका करीब 20 वर्षीय भाई रंजीत पटेल अक्सर विजय लाल के साथ रहता था। अप्रैल 2026 में दोनों गांव के पास रेलवे ट्रैक पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान रंजीत ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई, जबकि विजय लाल बच गया। अनिल के परिवार का विजय लाल से पहले से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। आरोप है कि रंजीत की मौत के बाद विजय लाल गांव में यह कहकर रौब झाड़ता था कि उसने ही रंजीत को ट्रेन के आगे फेंककर मारा था और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाया। इसी रंजिश में अनिल ने अपने ममेरे भाई कृष्ण कुमार के साथ मिलकर विजय लाल की हत्या की योजना बनाई। इसमें कृष्ण कुमार ने ददौली में पान की दुकान चलाने वाले बृजलाल को भी शामिल कर लिया।

गोली मारने के बाद भाग निकले थे आरोपित

पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर को तीनों चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल से गांव के बाहर अंडरपास के पास पीपल के पेड़ के नजदीक पहुंचे। वहां विजय लाल बैठा था। अनिल ने कृष्ण कुमार को उसकी पहचान कराई। इसके बाद कृष्ण कुमार ने तमंचे से विजय लाल को गोली मार दी। बृजलाल दूसरा लोडेड तमंचा लेकर मोटरसाइकिल पर बैठा रहा, ताकि किसी के पीछा करने या रोकने पर गोली चला सके। वारदात के बाद अनिल पैदल घर चला गया, जबकि कृष्ण कुमार और बृजलाल मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

डीसीपी ने बताया कि मंगलवार को तीनों गांव से बाहर भागने की फिराक में थे। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से दो तमंचे और दो कारतूस बरामद हुए। कृष्ण कुमार के खिलाफ सोरांव थाने में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बृजलाल के खिलाफ भी सोरांव थाने में एक मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में शस्त्र अधिनियम और चोरी की संपत्ति रखने समेत अन्य धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में मऊआइमा के प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बालेन्द्र सिंह और गंगानगर सर्विलांस सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक सुखचैन तिवारी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल