एक करोड़ तीन लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
फाफामऊ पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, 515 ग्राम स्मैक बरामद; सनाउल्लाह पर हत्या समेत 14 मुकदमे दर्ज
प्रयागराज, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित फाफामऊ थाना एवं सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने मंगलवार को तलाक हर-हर तिराहे के समीप से मादक पदार्थों की तस्करी मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया। टीम ने तस्करों के कब्जे से 515 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ तीन लाख रुपये बताई गई है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने दी।
डीसीपी गंगानगर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में शहर के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के पुराना कटरा, निवासी सनाउल्लाह उर्फ रानू , धूमनगंज थाना क्षेत्र के हरवारा गांव निवासी मोहम्मद कैफ और कर्नलगंज थाना क्षेत्र के पुराना कटरा निवासी मनोज बारी हैं।
टीम ने तलाशी के दौरान सनाउल्लाह के कब्जे से 201 ग्राम, मोहम्मद कैफ के पास से 138 ग्राम और मनोज बारी के कब्जे से 176 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तीनों के पास से कुल 515 ग्राम स्मैक मिली।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सनाउल्लाह उर्फ रानू का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 14 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, मनोज बारी के खिलाफ हत्या के प्रयास, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आबकारी अधिनियम और जुआ अधिनियम समेत सात मुकदमे दर्ज हैं।
इस संबंध में फाफामऊ थाने में तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 267/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
डीसीपी गंगानगर ने बताया कि गिरफ्तारी करने वाली टीम में फाफामऊ थाना प्रभारी छोटक सिंह यादव, सर्विलांस सेल प्रभारी सुखचैन तिवारी, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मौर्य, सौमित्र सिंह, मुकेश कुमार यादव, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार, जयप्रकाश यादव, आरक्षी राजेश्वर कुमार और गौरव गौतम शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

