home page

प्रयागराज में तीन शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान एवं औजार बरामद

 | 
प्रयागराज में तीन शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान एवं औजार बरामद


प्रयागराज, 05 मार्च (हि.स.)। प्रयागराज जिले के नैनी थाना क्षेत्र में कारों की बैटरी चोरी करने वाले तीन आरोपितों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सात बैटरियां तथा घटना में प्रयुक्त औजार भी बरामद किए हैं।

नैनी थाना पुलिस के अनुसार एडीए कॉलोनी निवासी अचिन्त्य यमदाग्नि की तहरीर पर 4 मार्च को कारों की बैटरी चोरी होने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर टीएसएल नैनी परिसर के अंदर जंगल क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहुल (22) पुत्र सुनील निवासी जगदीश शरीर, चुनार स्टेशन के पास थाना कोतवाली चुनार जनपद मीरजापुर हाल पता जज्जीपुरवा लोहगरा थाना बारा प्रयागराज, हथगन (19) पुत्र जयनाथ तथा गोपी (29) पुत्र छोटेलाल निवासी जज्जीपुरवा लोहगरा थाना बारा प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों की सात बड़ी व छोटी बैटरियां, एक प्लास और एक पेचकस बरामद किया है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे कूड़ा बीनने के बहाने एडीए कॉलोनी व नैनी क्षेत्र में घूमते थे और मौका पाकर खड़ी कारों व मोटरसाइकिलों की बैटरियां प्लास और पेचकस की मदद से खोलकर चोरी कर लेते थे। बाद में उन्हें सुनसान जगहों पर छिपाकर बेचने की तैयारी करते थे। पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि नैनी थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद बैटरियों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल