किशोर की हत्या मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार
झूंसी में गंगा किनारे झाड़ियों में मिला था 17 वर्षीय शांतनु का शव, चापड़ बरामद
प्रयागराज, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित झूंसी थाने की पुलिस टीम ने किशोर की हत्या का खुलासा करते हुए बुधवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। हत्या में प्रयुक्त औजार चापड़ भी बरामद किया है। हत्या में नामजद अन्य अभियुक्तों की भूमिका के संबंध में जांच जारी है।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में उज्जवल सेन गुप्ता, छोटू पासी और हर्ष निषाद है। जबकि वारदात में शामिल अन्य नामजद आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे 15 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है।
कोहना बस्ती निवासी दीपक दुबे का 17 वर्षीय बेटा शांतनु 5 सितम्बर की रात अचानक लापता हो गया था। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। 06 सितम्बर को उसका शव गंगा किनारे स्थित नाले में झाड़ियों के पास पाया गया था। शव मिलने की सूचना पर झूंसी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि परिवार की तहरीर के आधार पर पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उज्ज्वल सेन गुप्ता, छोटू पासी और हर्ष निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद शांतनु की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद किया है।
डीसीपी नगर सागर जैन ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण की पुष्टि होगी। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

