home page

महाराष्ट्र में सर्राफा कारोबारी से 61.50 लाख की लूट में प्रयागराज के तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
महाराष्ट्र में सर्राफा कारोबारी से 61.50 लाख की लूट में प्रयागराज के तीन आरोपित गिरफ्तार


एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 1.05 लाख रुपये नकद, कार और पांच मोबाइल बरामद

प्रयागराज, 02 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे ग्रामीण जिले के थाना शाहपुर क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से 61.50 लाख रुपये की लूट के मामले में एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने बुधवार को प्रयागराज के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने सरायइनायत थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा। उनके कब्जे से 1.05 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनिल सिंह पुत्र राय साहब सिंह राजपूत, निवासी मनगांव, ई-502 लेड सिटी, थाना डिंडोली, जिला सूरत, गुजरात (मूल निवासी ग्राम मुबारकपुर, थाना कंधई, प्रतापगढ़), बीरल पटेल पुत्र नरेश भाई पटेल, निवासी ए-21 नीलकंठ सोसायटी, थाना रामोल, अहमदाबाद, गुजरात और नरेश गिरि पुत्र हेमराज गिरि, निवासी ग्राम गुंजा, थाना वीर नगर, जनपद मेहसाणा, गुजरात के रूप में हुई है।

एसटीएफ के अनुसार ठाणे ग्रामीण के थाना शाहपुर में लूट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था। महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ उत्तर प्रदेश से सहयोग मांगा था। इसके बाद एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि जांच के दौरान आरोपियों के प्रयागराज आने की जानकारी मिली थी। इसके आधार पर एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने सरायइनायत थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने महाराष्ट्र में चोरी और लूट करने वाले गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राजेश सविता और उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात करते थे। आरोपियों के मुताबिक, 23/24 अगस्त की रात गोविंद नामक व्यक्ति की बोलेरो गाड़ी से आगरा हाईवे पर 61.50 लाख रुपये लूटे गए थे। लूट की रकम को आरोपियों ने आपस में बांट लिया था। इसी मामले में महाराष्ट्र के ठाणे ग्रामीण जिले के थाना शाहपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1,05,000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त कार संख्या GJ18BR5445 और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को कमिश्नरेट प्रयागराज के सरायइनायत थाने में दाखिल किया गया है। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।

डीएसपी शैलेश प्रताप सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र में हुई बड़ी लूट की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई की। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल