लखनऊ से गिरफ्तार हुआ पचास का इनामी बदमाश
बहराइच में सर्राफा कारोबारी से लूट और छिनैती के मामले में था वांछित, गैंग का सरगना है आरोपित
प्रयागराज, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने बहराइच में लूट और छिनैती के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित गोंडा जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कुम्हारन गांव निवासी बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं है। वह एक संगठित गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। उसके खिलाफ गोंडा, बहराइच और बलरामपुर समेत विभिन्न जिलों में 41 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि बहराइच जिले के कैसरगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 98/2026 में बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं वांछित था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2), 309(4), 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के लिए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम आरोपित की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वह लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित कमांड अस्पताल परिसर के साइकिल स्टैंड के पास मौजूद है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर बुधवार को दोपहर करीब 12:55 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गोंडा जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कुम्हारन गांव का रहने वाला है। उसका एक संगठित गिरोह है, जो विशेष रूप से सर्राफा कारोबारियों की रेकी कर लूट और छिनैती की वारदात करता है। अप्रैल 2026 में कैसरगंज क्षेत्र में एक सर्राफा कारोबारी से लूट की घटना में भी उसका गिरोह शामिल था। इस मामले में उसके साथी विदेश शुक्ला, शुभम तिवारी और सूरज तिवारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लखनऊ में छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, मादक पदार्थों की तस्करी, लूट, छिनैती और पुलिस बल पर गोली चलाने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गोंडा, बहराइच और बलरामपुर समेत विभिन्न जिलों के थानों में 41 आपराधिक मुकदमों का विवरण सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को संबंधित पुलिस के हवाले करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

