दिल्ली से गिरफ्तार हुआ पचास हजार का इनामी
प्रयागराज के नवाबगंज थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित था आरोपी, लंबे समय से चल रहा था फरार
प्रयागराज, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह जानकारी गुरुवार काे एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बैरेज श्रृंगवेरपुर गांव निवासी छेला बाबू सरोज पुत्र स्वर्गीय सुरेश सरोज है। इसके खिलाफ प्रयागराज के नवाबगंज थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज था। एसटीएफ टीम ने उसे गुरुवार को सरोजनी नगर, नई दिल्ली स्थित वर्दिर कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के गेट के पास से पकड़ा।
पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई शैलेश प्रताप सिंह के अनुसार, आरोपित की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। उसके संबंध में एसटीएफ की विभिन्न टीमों को लगातार सूचना जुटाने और निगरानी के लिए लगाया गया था। इसी दौरान आरोपी के दिल्ली में छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी छेला बाबू सरोज पुत्र स्वर्गीय सुरेश सरोज, निवासी ग्राम बैरज श्रंगापुर, थाना नवाबगंज, प्रयागराज है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से इसी गांव का रहने वाला है और उसका एक संगठित गिरोह है। उसके अनुसार वर्ष 2025 में उसके खिलाफ प्रयागराज के विभिन्न थानों में लूट और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हुए थे। वह इन मामलों में पूर्व में जेल भी जा चुका है।
आरोपी के खिलाफ वर्ष 2026 में नवाबगंज थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में वह वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।
एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार, राजेश कुमार, पंकज सिंह, संतोष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए थाना सरोजनी नगर, नई दिल्ली में दाखिल किया गया है। आगे की कार्रवाई संबंधित न्यायालय के समक्ष की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
कई मुकदमों में दर्ज है नाम
एसटीएफ के अनुसार छेला बाबू सरोज के खिलाफ प्रयागराज और प्रतापगढ़ के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी और अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। नवाबगंज थाने में वर्ष 2024 में दर्ज एक मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई थीं। इसके अलावा सराय इनायत, सांगीपुर, नवाबगंज, बहरिया और मांडा थानों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

