मध्य प्रदेश से गिरफ्तार गिरफ्तार हुआ पचास हजार का इनामी पशु तस्कर
उत्तर प्रदेश एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने औरैया पुलिस के वांछित अभियुक्त को पकड़ा
प्रयागराज, 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने औरैया जिले में दर्ज पशु तस्करी के मामले में फरार और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ को लगाया गया था। यह जानकारी शुक्रवार को एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव निवासी फरमूद अहमद पुत्र नसीमुद्दीन है। टीम ने 31 जुलाई को जबलपुर के थाना माढ़ोताल क्षेत्र स्थित ओम साईं कैरियर अशोक लीलैंड सेंटर गेट के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ औरैया जिले के थाना ऐरवा कटरा में मु.अ.सं. 62/2022 के तहत गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी के 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
ट्रक में छिपाकर ले जा रहा था गोवंश
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह मूल रूप से प्रयागराज के नवाबगंज क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, 26 मार्च 2022 को वह कंटेनर ट्रक संख्या यूपी 21 एएन 3550 में मुरादाबाद से गोवंश लादकर मध्य प्रदेश की ओर ले जा रहा था। औरैया क्षेत्र में पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने तेजी से भागने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने के दौरान कंटेनर नहर की पुलिया और सिलावट गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। पुलिस ने वाहन से गोवंश बरामद किया था। इसी घटना के आधार पर थाना ऐरवा कटरा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसटीएफ के अनुसार, घटना के बाद फरमूद अहमद मध्य प्रदेश चला गया और वहां रहकर ट्रक चलाने का काम करने लगा। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि वह पूर्व में फतेहपुर, महोबा और आसपास के जनपदों से भी गोवंश लाने-ले जाने का काम कर चुका है।
कई मुकदमे हैं दर्ज
गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ मिर्जापुर, फतेहपुर और औरैया में पशु तस्करी एवं पशु क्रूरता से संबंधित मामले दर्ज हैं। औरैया के थाना ऐरवा कटरा में दर्ज मुकदमे में वह लंबे समय से वांछित था।
एसटीएफ की टीम ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए गिरफ्तार अभियुक्त को संबंधित पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। गिरफ्तारी एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी राजेश कुमार, अमित शर्मा, पंकज तिवारी और आरक्षी चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय के सहयोग से की। टीम का नेतृत्व उपाधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

