home page

पति की हत्या के मामले में वर्षा श्रीवास्तव ने पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार, दूसरे थाने से विवेचना कराने की मांग

 | 
पति की हत्या के मामले में वर्षा श्रीवास्तव ने पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार, दूसरे थाने से विवेचना कराने की मांग


कर्नलगंज थाना प्रभारी को बर्खास्त करने और फरार आरोपितों पर इनाम घोषित करने की मांग पीड़िता और दोनों बेटियों को मिल रही जान से मारने की धमकी

प्रयागराज, 16 नवंबर (हि.स.)। अधिवक्ता सतीश चन्द्र श्रीवास्तव की हत्या के मामले में उनकी पत्नी वर्षा श्रीवास्तव ने साेमवार काे पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने हत्या के मामले की विवेचना कर्नलगंज थाने से हटाकर किसी दूसरे थाने से कराने, कर्नलगंज थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर मिश्रा को तत्काल बर्खास्त करने और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी और अपनी दोनों बेटियों की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। इसके बाद पीड़िता ने प्रेस वार्ता भी की।

पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में वर्षा श्रीवास्तव ने बताया कि वह चांदपुर सलोरी, तेलियरगंज की निवासी हैं। उनके पति सतीश चन्द्र श्रीवास्तव जिला एवं सत्र न्यायालय में अधिवक्ता थे। आरोप है कि 15 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे देवेंद्र नाथ मिश्रा उर्फ झुन्नू, अमरेंद्र नाथ मिश्रा, निर्पेक्ष नाथ मिश्रा, शैल मिश्रा सहित आठ से दस अज्ञात लोग एकराय होकर उनके घर पहुंचे। आरोपितों ने घर का मुख्य द्वार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और उनके पति तथा उनके साथ मौजूद लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, इस दौरान देवेंद्र नाथ मिश्रा ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से उनके पति को गोली मार दी। इसके बाद आरोपितों ने घर में तोड़फोड़ और आगजनी की तथा मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सतीश चन्द्र श्रीवास्तव को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

वर्षा श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि पति की हत्या के बाद भी आरोपित पक्ष की ओर से उन्हें और उनकी दोनों बेटियों को लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर भी सवाल उठाए और विवेचना दूसरे थाने से कराने की मांग की।

पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने, फरार आरोपितों पर इनाम घोषित करने, कर्नलगंज थाना प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी बेटियों को न्याय मिलने के साथ ही सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल