home page

प्रयागराज : शिक्षा निदेशालय में तोड़फोड़ और कर्मचारियों से अभद्रता मामले में एफआईआर दर्ज, 200 आंदोलनकारी नामजद

 | 
प्रयागराज : शिक्षा निदेशालय में तोड़फोड़ और कर्मचारियों से अभद्रता मामले में एफआईआर दर्ज, 200 आंदोलनकारी नामजद


-बेरिकेडिंग तोड़कर मुख्यालय में घुसे 150 से 200 प्रदर्शनकारी, फर्नीचर और वाहनों को नुकसान पहुंचाने का आरोप

प्रयागराज, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शिक्षा निदेशालय परिसर में मंगलवार को प्रतियोगी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ और कर्मचारियों से अभद्रता के मामले में सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान करीब 150 से 200 लोग पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर शिक्षा निदेशालय के मुख्यालय में घुस गए। इस दौरान कार्यालय के विभिन्न अनुभागों में फर्नीचर तोड़ने और अधिकारियों व कर्मचारियों के वाहनों को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।

शिक्षा निदेशालय के केयरटेकर मोहम्मद सैफी की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार देर रात मामला दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कार्यालय परिसर में कर्मचारियों के साथ अभद्रता और अमर्यादित व्यवहार किया। इससे सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ और परिसर में भय का माहौल बन गया। मुख्यालय में हुई तोड़फोड़ के बाद कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यालय की व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई है।

उल्लेखनीय है कि कुछ प्रतियोगी छात्र टीजीटी-पीजीटी भर्ती समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रतियोगी अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बेरिकेडिंग तोड़ दी और शिक्षा निदेशालय परिसर में प्रवेश कर गए। आरोप है कि परिसर में घुसने के बाद कार्यालय के विभिन्न अनुभागों में तोड़फोड़ की गई।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल