home page

प्रयागराज : कौंधियारा में घर से 5.68 टन अवैध पटाखे बरामद, मुकदमा दर्ज

 | 
प्रयागराज : कौंधियारा में घर से 5.68 टन अवैध पटाखे बरामद, मुकदमा दर्ज


प्रयागराज, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कौंधियारा थाना की पुलिस टीम ने रविवार को एक घर में अवैध रूप से रखे गए भारी मात्रा में पटाखा बरामद किया है।

दीपावली से पूर्व अवैध रूप से पटाखों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कौंधियारा पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अकोढ़ा गांव में एक घर से 5684.880 किलोग्राम पटाखे और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की। यह सामग्री 249 कार्टन और प्लास्टिक की बोरियों में रखी गई थी। पुलिस ने मामले में त्रिलोकीनाथ केसरवानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रविवार को सूचना मिली थी कि कौंधियारा थाना क्षेत्र के अकोढ़ा गांव में अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण किया गया है। सूचना पर स्थानीय पुलिस और नैनी अग्निशमन केंद्र की टीम ने संबंधित स्थान पर जांच की। इस दौरान गांव निवासी त्रिलोकीनाथ केसरवानी के घर से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। बरामद सामग्री का कुल वजन 5684.880 किलोग्राम बताया है। बरामदगी के आधार पर कौंधियारा थाने में त्रिलोकीनाथ केसरवानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने कहा कि अवैध रूप से पटाखों और विस्फोटक सामग्री का भंडारण जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल