पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
प्रयागराज, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पीएमजी ऑफिस स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई। हालांकि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इस संबंध मीडिया से पोस्टमास्टर जनरल राजीव उमराव ने बताया कि मेरे कार्यकाल में मेल के माध्यम से ऐसी सूचना मिली, जिससे तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को लखनऊ स्थित मुख्य पासपोर्ट कार्यालय को एक अज्ञात ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें प्रदेश के विभिन्न पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद सभी जिलों को अलर्ट जारी किया गया।
सूचना के आधार पर बुधवार को सिविल लाइंस थाना पुलिस एवं बम निरोधक दस्ते ने पीएमजी ऑफिस स्थित पासपोर्ट कार्यालय पहुंचकर चप्पे-चप्पे की जांच की। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने बताया कि लखनऊ से प्राप्त सूचना के आधार पर जांच कराई गई, जिसमें सब कुछ सामान्य पाया गया है और किसी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। संबंधित एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान में जुटी हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

