home page

ताजिए के रास्ते पर विवाद के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने वाला मुख्य आरोपित गिरफ्तार

 | 
ताजिए के रास्ते पर विवाद के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने वाला मुख्य आरोपित गिरफ्तार


प्रयागराज पुलिस टीम ने वांछित आरोपित को दबोचा, निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का बांका बरामद

प्रयागराज, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाने की पुलिस टीम ने ताजिए के मार्ग को लेकर हुए विवाद के दौरान पुलिस टीम हुए हमला मामले के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने रविवार को उसकी निशानदेही पर हमले प्रयुक्त औजार लोहे का बांका बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नवाबगंज के ठेगहा, आनापुर निवासी मो. सलीम है। आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का बांका भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा बढ़ाते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि ताजिए के मार्ग को लेकर हुए विवाद की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर विवाद समाप्त कराने का प्रयास कर रही थी, लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया, जिसमें चौकी प्रभारी आनापुर घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और अब तक इस प्रकरण में 12 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। वारदात के मुख्य आरोपित मो. सलीम को भी रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि 26/27 जून की रात ग्राम ठेगहा, आनापुर में ताजिए के रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम के साथ आरोपी मो. सलीम और उसके परिजनों ने अभद्रता करते हुए हमला कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि जिस रास्ते को लेकर आपत्ति जताई जा रही थी, उसका राजस्व विभाग पहले ही निरीक्षण कर चुका था और संबंधित सीढ़ी व रास्ता विद्यालय की भूमि पर पाया गया था। इसके अतिरिक्त वहां लगभग 10 फीट चौड़ा वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध था।

नवाबगंज पुलिस ने आरोपी को थाना क्षेत्र स्थित आर.के. यदुवंशी इंटरमीडिएट कॉलेज के पास महुए के बाग से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का बांका बरामद किया गया। पुलिस ने मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 4/25 की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपित को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल