गैंगस्टर मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
प्रयागराज, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन थाने की पुलिस ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सराय इनायत थाना क्षेत्र के ककरा दुबावल गांव निवासी अम्बरीश त्रिपाठी है। उसके खिलाफ थाना जार्जटाउन में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) की धारा 2/3(1) के तहत मुकदमा दर्ज है। उस पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार भी घोषित था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अम्बरीश त्रिपाठी के खिलाफ जार्जटाउन, सिविल लाइंस और कर्नलगंज थानों में मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध कमिश्नरेट पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गैंगस्टर एक्ट के वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून से बचने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

