शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूट का माल बरामद
प्रयागराज, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित झूंसी थाने एवं एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार को लूट मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से पीली धातु से निर्मित चेन बरामद किया है। इसके खिलाफ छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र के नया पूरा निवासी विकास कुमार उर्फ लिल्ला पुत्र बृजमोहन है। इस संबंध में झूंसी थाने में धारा- 309(4) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान इसका नाम प्रकाश में आया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिविल लाइन में स्थित पोलो ग्राउंड मजार के पास से गिरफ्तार किया।
झूंसी थाना प्रभारी निरीक्षक महेश मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ नगर के शाहगंज, कर्नलगंज, शिवकुटी, झूंसी सहित छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।
*
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

