बीस हजार का इनामी गिरफ्तार, पाइपलाइन से पेट्रोल-डीजल चोरी के मामले में था वांछित
प्रयागराज, 01 अप्रैल (हि.स.)। प्रयागराज जिले में मेजा थाने की पुलिस ने बुधवार रात 20 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित पेट्रोलियम पाइपलाइन से पेट्रोल-डीजल चोरी करने के मामले में वांछित था। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित हरियाणा के फरीदाबाद जिले के अरुआ शाहपुर गांव निवासी गहमा उर्फ महमा नाथ है। इसके खिलाफ वर्ष 2015 में मांडा थाने में धारा 379, 380, 285, 427, 414 भादवि, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, राष्ट्रीय सम्पत्ति निवारण अधिनियम, पेट्रोलियम एवं मिनरल पाइपलाइन एक्ट तथा ईसी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसके बाद से पुलिस इसकी में भी। मुखबिर की सूचना पर गहमा उर्फ महमा नाथ पुत्र सोनिया नाथ को खुशरो बाग गेट, प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त पर पुलिस उपायुक्त यमुनानगर ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
घटना का विवरण
वर्ष 2015 में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की भूमिगत बरौनी-कानपुर पाइपलाइन से पेट्रोल-डीजल चोरी करने का मामला सामने आया था। आरोपियों ने राष्ट्रीय मार्ग के किनारे ग्राम कुखुड़ी थाना माण्डा क्षेत्र में एक दुकान के अंदर कुआं खोदकर पाइपलाइन में सेंध लगाकर पेट्रोल-डीजल चोरी की थी। इस मामले में थाना माण्डा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान कई अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आए, जिनमें गहमा उर्फ महमा नाथ भी शामिल था। मामले में एक अन्य इनामिया अभियुक्त रवि उर्फ बिन्दी को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि वांछित एवं इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मेजा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल रामजीत यादव, कांस्टेबल विपिन चौधरी और कांस्टेबल अखिलेश यादव शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

