home page

लूट मामले का आरोपित गिरफ्तार, मंगलसूत्र व नकदी बरामद

 | 
लूट मामले का आरोपित गिरफ्तार, मंगलसूत्र व नकदी बरामद


प्रयागराज, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन पुलिस ने मंगलवार काे एक विवादित मकान को गिराकर लूटपाट करने के मामले में वांछित एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से पीली धातु का एक मंगलसूत्र और 2000 रुपये नकद बरामद किया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।

उन्होंने बताया कि फतेहपुर के खखरेरू थाना क्षेत्र के उमरा गांव निवासी प्रदीप गोस्वामी पुत्र कृपाशंकर के खिलाफ लूटपाट का मुकदमा दर्ज किया गया था। उल्लेखनीय है कि जार्जटाउन थाना क्षेत्र में 22 मार्च 2026 की रात एक विवादित मकान को जेसीबी से गिराकर जमींदोज कर दिया गया था और मौके से घरेलू सामान लूट लिया गया था। इस संबंध में थाना जार्जटाउन में मु0अ0सं0-55/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वांछित प्रदीप गोस्वामी पुत्र कृपाशंकर को हरी नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मंगलसूत्र और 2000 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल