प्रयागराज: 33.66 ग्राम स्मैक, अवैध तमंचा व कारतूस के साथ तस्कर गिरफ्तार
प्रयागराज, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी थाने की पुलिस टीम ने मंगलवार को अवैध मादक पदार्थ व अवैध असलहे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से स्मैक, अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और नगद रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र के मऊहारी गांव निवासी भोला भारतीया पुत्र जीतलाल भारतीया है। पुलिस टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नए यमुना पुल के नीचे अंडरपास के पास से निवासी मऊहारी थाना औद्योगिक क्षेत्र जनपद प्रयागराज को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 171 पुड़िया में रखी अवैध स्मैक तथा अलग से रखी स्मैक सहित कुल 33.66 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा जामा तलाशी में 2650 रुपये नगद, एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर तथा एक एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह स्मैक को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर आने-जाने वाले परिचित लोगों को बेचता है और उसी से अपने शौक पूरे करता है। उसने बताया कि बरामद मोबाइल फोन से वह ग्राहकों से संपर्क करता था तथा अवैध तमंचा लोगों को डराने-धमकाने के लिए रखता था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना नैनी में मु0अ0सं0 147/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट व धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

