मानिकपुर स्टेशन पर 50 लीटर अवैध शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ले जा रहे थे शराब
प्रयागराज, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को तीन कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से अंग्रेजी शराब की 225 बोतलें बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 70,113 रुपये बताई गई है। आरोपित ट्रेन के माध्यम से शराब बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने की तैयारी में थे।
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात मानिकपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर दिव्यांग शौचालय के पीछे स्थित पार्क के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के पटना जिले के निवासी करन कुमार उर्फ टीटू, मनीष कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों के पास से मिलीं शराब की बोतलें
तलाशी के दौरान करन कुमार के पास से रॉयल स्टैग की नौ और ब्लैक बेंचर की छह बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलें 750 मिलीलीटर की थीं। मनीष कुमार के पास से आफ्टर डार्क ब्लू ब्रांड की 105 बोतलें मिलीं। वहीं, अभिषेक कुमार के पास से आफ्टर डार्क ब्लू की 72 और सिग्नेचर ब्रांड की 33 बोतलें बरामद की गईं। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और नकदी भी मिली है।
पूछताछ में आरोपियों ने शराब बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने और अवैध रूप से धन कमाने की बात बताई। इस मामले में तीनों के खिलाफ जीआरपी मानिकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर रखी जा रही नजर
संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ मानिकपुर के सहायक उपनिरीक्षक विमलेश कुमार और कांस्टेबल संतोष कुमार यादव तथा जीआरपी मानिकपुर के उपनिरीक्षक हरिमोहन राजपूत, हेड कांस्टेबल संजय कुमार और हेड कांस्टेबल धीरेंद्र शामिल रहे।
उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी के समन्वय से रेलवे स्टेशनों एवं रेल परिसरों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अवैध तस्करी रोकना मंडल की प्राथमिकता है। ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

