ऑपरेशन नारकोस के तहत प्रयागराज मंडल में नौ माह में 1.89 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 25 गिरफ्तार
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में आरपीएफ की कार्रवाई, कानपुर में सबसे अधिक 12 मामले पकड़े गए
प्रयागराज, 16 अक्टूबर (हि.स.)। ट्रेनों और रेलवे परिसर के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) लगातार अभियान चला रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत जनवरी से सितंबर 2026 तक 21 मामलों में कार्रवाई करते हुए 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान गांजा और अन्य मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 1.89 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने रेल परिसर और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई है। कार्रवाई के दौरान गांजा के साथ अल्प्राजोलम और डायजापॉम जैसे नशीले पदार्थ भी जब्त किए गए। इनकी कुल अनुमानित कीमत 1,89,46,665 रुपये है।
कानपुर में सबसे अधिक 12 मामले
रेलवे सुरक्षा बल की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से सितंबर के बीच दर्ज 21 मामलों में कानपुर में सबसे अधिक 12 मामले पकड़े गए। इसके अलावा प्रयागराज और अलीगढ़ में तीन-तीन, टूंडला में दो और मिर्जापुर में एक मामला दर्ज किया गया।
इनमें से 20 मामलों में 1,88,50,550 रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया। वहीं, प्रयागराज छिवकी में 470 नग कोडीन युक्त कफ सिरप भी जब्त किया गया। मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
सितंबर में चार लोग गिरफ्तार
सितंबर 2026 में भी रेलवे सुरक्षा बल ने अभियान के तहत सतर्कता बरतते हुए तीन मामलों का पता लगाया। इन मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 9,95,950 रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल का उद्देश्य रेल मार्गों और रेलवे परिसरों का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किए जाने पर रोक लगाना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए ट्रेनों और स्टेशनों पर निगरानी तथा संबंधित इकाइयों के बीच समन्वय के साथ कार्रवाई की जा रही है।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकार अमित कुमार सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल रेल परिसर और ट्रेनों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। जनवरी से सितंबर 2026 तक 21 मामलों में 25 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और करीब 1.89 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए। रेलवे सुरक्षा बल की प्राथमिकता रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रेलवे के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

