प्रयागराज में महिला की हत्या का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार
- पति ने डांटकर किराये के कमरे पर आने से किया था मना, खुन्नस में रची हत्या की साजिश
प्रयागराज, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सराय इनायत थाना की पुलिस टीम ने महिला की हत्या का खुलासा करते हुए शुक्रवार को आरोपित काे गिरफ्तार किया। पुलिस टीम आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त औजार चाकू भी बरामद किया। पुलिस टीम आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के सराय इनायत थाना क्षेत्र के रमईपुर गांव निवासी आशीष पुत्र प्रेमचन्द्र है । पुलिस ने आरोपित को शुक्रवार को गोतावा गांव के पास से गिरफ्तार किया।
उल्लेखनीय है कि 20 अगस्त को सरायइनायत पुलिस को ग्राम जैतपुर में एक महिला का शव उसके घर में मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम, सहायक पुलिस आयुक्त थरवई और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका की पहचान बसगित गांव निवासी ऊषा (26) पत्नी दिनेश कुमार, निवासी बसगित, थाना उतरांव के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मृतका के पति की तहरीर पर सरायइनायत थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
डीसीपी गंगानगर ने बताया कि घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आशीष पुत्र प्रेमचन्द्र, निवासी रमईपुर, थाना सरायइनायत को 21 अगस्त को गोतावा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह मृतका उषा को पहले से जानता था और उससे प्रेम करने लगा था। उषा इस संबंध को स्वीकार नहीं करती थी। जब उसके पति दिनेश कुमार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपित को डांट-फटकार लगाते हुए किराये के कमरे पर दोबारा नहीं आने के लिए कहा था। इसी बात से आरोपी नाराज था और उसने ऊषा की हत्या करने की योजना बना ली।
आरोपित को जानकारी थी कि 19 अगस्त को दिनेश अपने गांव गया हुआ है। इसके बाद 20 अगस्त की सुबह वह किराये के कमरे पर पहुंचा और चाकू से ऊषा की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया और घटना में प्रयुक्त चाकू को करीब आधा किलोमीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया।
डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्ष्यों के आधार पर आरोपिताें तक पहुंचने और उन्हें कानून के शिकंजे में लाने का प्रयास लगातार जारी है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

