home page

बुजुर्ग की हत्या, बालू टाल के पास मिला रक्तरंजित शव

 | 
बुजुर्ग की हत्या, बालू टाल के पास मिला रक्तरंजित शव


प्रयागराज, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धनुआ गांव में शुक्रवार सुबह एक हत्या की वारदात सामने आई। गांव स्थित बालू की टाल के पास 75 वर्षीय हजारी लाल का रक्तरंजित शव पाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

नैनी के धनुआ गांव निवासी हजारी लाल (75) बालू की टाल की देखरेख करते थे और रात में वहीं रहते थे। शुक्रवार सुबह उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ हालत में पाया गया। सूचना पर पहुंची टीम ने परिजनों से तहरीर लेकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि, “धनुआ गांव में एक वृद्ध व्यक्ति का शव मिला है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस टीम मामले के खुलासे में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल