home page

अपहरण के बाद हत्या के मामले में दो आरोपित और एक महिला गिरफ्तार

 | 
अपहरण के बाद हत्या के मामले में दो आरोपित और एक महिला गिरफ्तार


प्रयागराज, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित पूरामुफ्ती थाना की पुलिस बुधवार को युवक के अपहरण एवं हत्या मामले में दो आरोपितों और एक महिला आरोपित को गिरफ्तार किया । पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन भी बरामद किए हैं। पूछताछ में एक आरोपित ने युवक की हत्या कर शव यमुना नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। शव की तलाश के लिए जल पुलिस और पूरामुफ्ती पुलिस की टीम यमुना में तलाशी अभियान चला रही है।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि 20 अगस्त को अहमदपुर असरौली निवासी कमलेश कुमार ने पूरामुफ्ती थाना में सूचना दी थी कि उनके भांजे मोनू कुशवाहा को कुछ लोग काले रंग के चार पहिया वाहन से जबरन ले गए हैं। सूचना मिलते ही मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपितों की तलाश शुरू की गई। पुलिस, एसओजी नगर और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सूचना पर बुधवार को कुसुवां रेलवे फाटक के पास से नेम कुमार उर्फ मुन्ना, पुनीत मौर्या और खुशबु मौर्या को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन भी बरामद किए हैं।

पूछताछ में नेम कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष पर उसकी बेटी की दहेज के लिए हत्या करने का आरोप था। इसी के चलते उसने मोनू कुशवाहा को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने और उसकी हत्या करने की बात कही। आरोपित ने शव को यमुना नदी में फेंकने की जानकारी दी है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपित के इस बयान की जांच की जा रही है। युवक के शव की बरामदगी के लिए यमुना नदी में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मामले में विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपितों में नेम कुमार और पुनीत मौर्या ग्राम कूरा, थाना सराय अकिल, कौशाम्बी के निवासी हैं, जबकि खुशबु मौर्या गुलकईयापुर, थाना संदीपन घाट, कौशाम्बी की रहने वाली है। पुनित के खिलाफ सराय अकिल थाना में पहले भी मुकदमा दर्ज है। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल