दहेज हत्या मामले में पति गिरफ्तार, औजार बरामद
-होलागढ़ पुलिस ने लोहे की रॉड बरामद की, परिवार के साथ मिलकर महिला की हत्या करने का आरोप
प्रयागराज, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित होलागढ़ थाना की पुलिस टीम ने शनिवार को दहेज हत्या मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त औजार बरामद किया गया। पुलिस टीम आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के होलागढ़ थाना क्षेत्र के रामगुलाम का पुरा गांव निवासी धर्मेंद्र सरोज उर्फ तमन्ने है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर महिला को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की आयताकार रॉड भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार होलागढ़ थाने में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर वादी की बहन को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस टीम ने शनिवार को अभियुक्त को होलागढ़ थाना क्षेत्र के रामगुलाम का पुरा गांव के पास से गिरफ्तार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

