पत्नी की हत्या के मामले में आरोपित गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद
प्रयागराज, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सरायइनायत थाने की पुलिस ने हत्या के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने गुरुवार काे बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के सराय इनायत थाना क्षेत्र के छीटपट्टी वारी गांव निवासी शैलेश कुमार (34) पुत्र स्वर्गीय सीता राम है। पकड़े गए आरोपित के विरुद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने 18 मार्च को थाना धूमनगंज क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सरायइनायत में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई थी।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपित को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है। मामले की जांच जारी है तथा अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर, थानाध्यक्ष संजय गुप्ता, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक अंकित सिंह तथा कांस्टेबल अरुण कुमार की टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

