home page

जीआरपी ने एक लाख रुपये की कोडीन सिरप के साथ तस्कर काे किया गिरफ्तार, 477 शीशियां बरामद

 | 
जीआरपी ने एक लाख रुपये की कोडीन सिरप के साथ तस्कर काे किया गिरफ्तार, 477 शीशियां बरामद


प्रयागराज, 25 जून (हि.स.)। जीआरपी प्रयागराज और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन प्रयागराज छिवकी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोडीन सिरप की तस्करी करने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से दो सूटकेसों में रखी 477 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को पुलिस महानिदेशक रेलवे, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज के निर्देशन में रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में अपराध नियंत्रण और अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जीआरपी प्रयागराज अकलेश कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दो सूटकेसों में अवैध कोडीन सिरप लेकर जा रहा है।

सूचना के आधार पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन छिवकी के प्लेटफार्म संख्या-1 पर दिल्ली एंड साइड एस्केलेटर के नीचे स्थित बेंच के पास घेराबंदी कर आरोपित मोहम्मद फाहद (26) पुत्र मेहराजुद्दीन खान निवासी अमृत नगर, ठाणे (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपित के दो सूटकेसों से WINGS BIOTECH LLP द्वारा निर्मित ONEREX COUGH SYRUP की कुल 477 शीशियां (प्रत्येक 100 एमएल) बरामद हुईं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित मुंबई से अवैध कोडीन सिरप लाकर प्रयागराज में सप्लाई करता था और ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध लाभ कमाता था।

इस संबंध में थाना जीआरपी प्रयागराज में मु0अ0सं0 267/26 के तहत धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 18A, 18(c), 27(b)(ii), 28 औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक जीआरपी प्रयागराज अकलेश कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे परिसर एवं ट्रेनों के माध्यम से होने वाली अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की गई है। आरोपित मुंबई से प्रयागराज तक अवैध रूप से सिरप लाकर उसकी सप्लाई करता था। मामले में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच एवं विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल