अपहरण मामले का आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करछना थाने की पुलिस टीम ने अपहरण के एक मामले में वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया और अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया गया है। यह जानकारी रविवार को पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नैनी कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहब्बतगंज निवासी धीरज कुमार निषाद पुत्र कृष्णा निषाद है। इसके खिलाफ करछना में पंजीकृत मुकदमा संख्या 78/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को पंचदेवरा ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया । गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना का विवरण
उल्लेखनीय है कि 28 मार्च 2026 को वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में थाना करछना में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 मार्च को ही अपहृता को बरामद कर लिया था तथा 29 मार्च को अभियुक्त को गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 87 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर ने बताया कि अपहरण के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

