home page

स्कूल परिसर में मिला छात्र का शव, तमंचा व कारतूस माैके से बरामद

 | 
स्कूल परिसर में मिला छात्र का शव, तमंचा व कारतूस माैके से बरामद


प्रयागराज, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित घूरपुर थाना क्षेत्र के चकगौरी गांव में शुक्रवार को एक निजी स्कूल परिसर में आईटीआई के छात्र का शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या की है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को नैनी एडीए कालोनी नैनी निवासी लक्ष्मीकांत तिवारी ने घूरपुर पुलिस को सूचना दिया कि घूरपुर थाना क्षेत्र के चकगौरी गांव में स्थित मेरे निजी स्कूल में एक युवक का शव पड़ा है। मृतक साहिल शुक्ला (22) पुत्र रेवती रमण शुक्ला मेरे साले का बेटा है। वह स्कूल में ही रहकर आईटीआई की पढ़ाई करता था। वह मूलरूप से प्रयागराज के लालापुर थाना क्षेत्र के गोवरा तरहार प्रतापपुर का निवासी था। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फाॅरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। परिवार के लोगाें ने किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस टीम को मौके से एक तमंचा एवं कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस काे मृतक के पास से उसका मोबाइल मिला है जिसे कब्जे में लेकर जांच कर रही है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के फूफा लक्ष्मीकांत ने बताया कि उसके माता-पिता खेती करके उसे पढ़ने के लिए खर्च देते थे। वह मेरे स्कूल के एक कमरे में रहकर पढ़ता था और स्कूल खुलने से पूर्व तैयार होकर अपने स्कूल चला जाता था। प्रतिदिन की सुबह जब कर्मचारी पहुंचे तो वह मृत पाया गया। यह जानकारी होते ही कर्मचारियों ने फोन कर स्कूल प्रबंधन को सूचना दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल