home page

जीआरपी प्रयागराज ने लौटाई यात्रियों की खुशियां, 1.30 करोड़ रुपये मूल्य के 650 गुमशुदा मोबाइल बरामद

 | 
जीआरपी प्रयागराज ने लौटाई यात्रियों की खुशियां, 1.30 करोड़ रुपये मूल्य के 650 गुमशुदा मोबाइल बरामद


आधुनिक तकनीक और सतत प्रयासों से गैर जनपदों व अन्य राज्यों से मोबाइल रिकवर, 550 मोबाइल स्वामियों को किए गए सुपुर्द : पुलिस अधीक्षक रेलवे

प्रयागराज, 15 जून (हि.स.)। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी प्रयागराज एवं सर्विलांस टीम ने सोमवार को उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 650 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है। इनमें से 550 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज द्वारा विधिवत सुपुर्द किए गए।

पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस महानिदेशक रेलवे एवं पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज के निर्देशन में रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया तथा ट्रेनों में होने वाली चोरी, छिनैती और अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी रेलवे अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जीआरपी प्रयागराज और सर्विलांस टीम ने विभिन्न जनपदों एवं अन्य राज्यों से गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए।

उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन आज लोगों की जरूरत के साथ-साथ महत्वपूर्ण व्यक्तिगत और व्यावसायिक सूचनाओं का भी माध्यम हैं। ऐसे में गुम हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाना केवल संपत्ति वापस करना नहीं, बल्कि लोगों के महत्वपूर्ण डाटा और भावनात्मक जुड़ाव को भी सुरक्षित करना है।

पुलिस अधीक्षक रेलवे ने बताया आधुनिक तकनीकी संसाधनों, सर्विलांस और सतत प्रयासों के माध्यम से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने जीआरपी प्रयागराज के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।

उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दें, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।

इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजकुमार चौहान, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल अरविन्द मिश्रा, अनिल विश्वकर्मा, विशाल तिवारी तथा कांस्टेबल मो. इरफान खान सहित जीआरपी और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल